लखनऊ , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है जिसमें मुख्यमंत्री ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए असफल छात्रों का मनोबल बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने संदेश में लिखा कि इस वर्ष का परीक्षा परिणाम उत्साहजनक रहा है और अनेक छात्रों ने कठिन परिश्रम व लगन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हालांकि, उन्होंने खास तौर पर उन छात्रों को संबोधित किया है जो अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता जीवन का हिस्सा हैं। सफलता जहां उत्साह देती है, वहीं असफलता निराशा ला सकती है, लेकिन उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही असली मार्ग है। "चरैवेति-चरैवेति" का मंत्र देते हुए उन्होंने निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एक असफलता भविष्य की कई सफलताओं का आधार बन सकती है। कोई भी परिणाम अंतिम नहीं होता, बल्कि यह नए अवसरों की शुरुआत करता है।

उदाहरण देते हुए उन्होंने महान वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडिसन का जिक्र किया, जिन्होंने हजारों असफल प्रयासों के बाद बल्ब का आविष्कार किया। इसी तरह महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजम का उदाहरण देते हुए बताया कि बाधाओं के बावजूद उन्होंने अपने क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान हासिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित