लखनऊ/मथुरा , जनवरी 25 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ वृंदावन पहुंचे, जहां दोनों नेताओं ने श्री बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने ठाकुर जी के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश की खुशहाली और 'विकसित भारत' के लक्ष्य की सिद्धि के लिए कामना की।

दर्शन के दौरान दोनों नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। मंदिर सेवायतों ने उन्हें प्रसाद भेंट किया। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला उत्तर प्रदेश दौरा रहा, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आध्यात्मिक व संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता की।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया व ओमप्रकाश सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन मांट विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे। विधायक की माता के हालिया निधन पर दोनों नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित