देहरादून , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान की निंदा करते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है।
श्री यादव की टिप्पणी के विरोध में आज श्री गणेश जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने देहरादून के कुठाल गेट पर सपा अध्यक्ष का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि श्री अखिलेश यादव ने सनातन के प्रहरी और उत्तराखंड के निवासी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया है। इस टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में स्थापित हुए हैं। लगातार सामने आ रहे सर्वेक्षणों में उत्तर प्रदेश के लोगों की मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ के प्रति पसंद दिखाई दे रही है। इसी से बौखलाकर अखिलेश यादव ने इस तरह की टिप्पणी की है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज प्रतीकात्मक रूप से श्री अखिलेश यादव के पुतले के साथ उनकी सोच का भी दहन किया है। उन्होंने मांग की कि श्री अखिलेश यादव को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता श्री अखिलेश यादव को माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में उत्तराखंड के लोग रहते हैं। ऐसे में श्री अखिलेश यादव की इस टिप्पणी का असर उनके राजनीतिक जनाधार पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की जनता भी उन्हें जवाब देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित