दतिया , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ पहुंचे जहां उन्होंने मां बगलामुखी और महाभारत कालीन वानखंडेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

श्री योगी शनिवार पूर्वाह्न 10:15 बजे विशेष विमान से मध्य प्रदेश के दतिया हवाई पट्टी पहुंचे। जहां से वह श्री विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ गये।

मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर पीतांबरा पीठ परिसर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। वीआईपी मूवमेंट के कारण मंदिर परिसर को करीब डेढ़ घंटे तक आम श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बंद रखा गया। इस दौरान न केवल दर्शनार्थियों बल्कि कई पंडा-पुजारियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई थी।

श्री योगी करीब 15 मिनट तक पीतांबरा पीठ में मौजूद रहे। उन्होंने विधि-विधान से मां बगलामुखी की पूजा कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम मुस्तैद रही। वहीं, काफी देर से बाहर इंतजार कर रहे कुछ श्रद्धालुओं ने प्रवेश रोके जाने की इस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित