वाराणसी , जून 21 -- उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में गंगा घाटों, विश्वविद्यालय परिसरों से लेकर स्टेडियम तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इसी क्रम में सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया।

सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा स्टेडियम परिसर योगमय हो गया। आयुष मंत्रालय के मुख्य प्रशिक्षक इदल प्रसाद के कुशल निर्देशन में सैकड़ों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक साथ चटाई बिछाकर योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रोटोकॉल के तहत मंत्रोच्चार के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। इसके बाद प्रशिक्षक इदल प्रसाद ने साधकों को क्रमवार ताड़ासन, अर्धचक्रासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, वक्रासन, शलभासन, सेतुबंधासन और अर्धहलासन का शुद्ध अभ्यास कराया। आसनों के उपरांत कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से साधकों ने मानसिक शांति की अनुभूति की। इस दौरान प्रशिक्षक ने योग की शुद्धिकरण क्रिया 'धौती वस्त्र' का सजीव प्रदर्शन कर सभी को विस्मित कर दिया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित