भोपाल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे को प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और अन्य जनसरोकारों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक हथकंडे के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
श्री पटवारी ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार अपनी सभी सीमाएं पार कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब, रेत, शिक्षा और खनिज माफिया का प्रभाव बढ़ा है तथा सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय यूसीसी जैसे विषयों को राजनीतिक एजेंडा बना रही है।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुई हालिया व्यापारिक डील से मध्यप्रदेश के किसानों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उनका दावा था कि अमेरिकी किसानों को भारी सब्सिडी मिलने के कारण प्रदेश के छोटे किसानों को विदेशी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर किसानों से किए गए चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गेहूं, धान, सोयाबीन और मूंगफली की समर्थन मूल्य पर खरीद के संबंध में किए गए वादों को सरकार पूरा नहीं कर सकी है। उन्होंने घोषणा की कि किसानों की समस्याओं और सरकार की कथित वादाखिलाफी के विरोध में कांग्रेस 24 जुलाई को हरदा, होशंगाबाद और नरसिंहपुर में किसान आंदोलन आयोजित करेगी।
श्री पटवारी ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेश की आर्थिक स्थिति, कृषि एवं किसानों की स्थिति, शिक्षा एवं रोजगार, निवेशक सम्मेलनों के परिणाम तथा भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर पांच श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी तथा सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित