रायपुर , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से प्रक्रिया शुरू किए जाने के बीच मुस्लिम समाज ने इस विषय पर अपने सुझाव राज्य स्तरीय समिति के समक्ष रखने की तैयारी की है। इसके लिए एक सितंबर को राजधानी रायपुर में समाज की बैठक आयोजित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने आज बताया कि बैठक में मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवी, नागरिक और अन्य प्रबुद्ध लोग शामिल होकर समान नागरिक संहिता के संबंध में अपने सुझाव रखेंगे। प्राप्त सुझावों को संकलित कर राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता समिति तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट चौक स्थित गुरु घासीदास ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। बैठक की जानकारी समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए रायपुर की विभिन्न मस्जिदों में जुमा की नमाज के दौरान ऐलान भी कराया गया है। आयोजकों ने समाज के लोगों से बैठक में शामिल होकर अपने विचार रखने की अपील की है।

बैठक में आने वाले लोगों से समान नागरिक संहिता से संबंधित अपने सुझाव लिखित रूप में लाने को कहा गया है। सुझाव पत्र 'अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़' के नाम संबोधित होना चाहिए और इसकी दो प्रतियां जमा करनी होंगी।

कार्यक्रम में शहर काजी जनाब कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता जनाब फैसल रिजवी बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक के दौरान समाज के लोगों से प्राप्त लिखित सुझावों को एकत्र कर उनका संकलन तैयार किया जाएगा।

आयोजकों के मुताबिक, सभी सुझावों को संकलित करने के बाद शाम चार बजे मुस्लिम समाज का प्रतिनिधिमंडल समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के सदस्यों से मुलाकात करेगा। इस दौरान समाज की ओर से तैयार किए गए सुझावों और ज्ञापन को समिति के समक्ष व्यक्तिगत रूप से सौंपा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित