अंबेडकर नगर (महू) , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर अंबेडकर नगर (महू) पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और भाजपा सरकार पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर ने हमेशा सभी वर्गों के लिए समानता की बात की, लेकिन भाजपा सरकार जो यूसीसी लाने की बात कर रही है, वह समान नागरिक कानून नहीं बल्कि "कंट्रोल नागरिक कानून" जैसा प्रतीत होता है।
श्री सिंघार ने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि प्रस्तावित यूसीसी में दलितों और आदिवासियों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि समानता की बात करने वाले संगठनों में भी वास्तविक प्रतिनिधित्व का अभाव है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज देश में समानता और संविधान की रक्षा की लड़ाई है और सभी को बाबासाहेब के विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित