भोपाल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के बहाने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का एजेंडा लागू करने का प्रयास कर रही है और प्रदेश की जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा परिसर में यूसीसी के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार को "मुर्दों की सरकार" बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है।

श्री सिंघार ने कहा कि प्रदेश में किसान खाद की कमी से जूझ रहे हैं, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और लगातार विभिन्न घोटाले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने के बजाय हिंदू-मुस्लिम, यूसीसी और तथाकथित लव जिहाद जैसे विषयों को प्रमुखता दे रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और महंगाई जैसे जनहित के विषय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल नहीं हैं। उनका आरोप था कि यूसीसी जैसे विषयों को जल्दबाजी में आगे बढ़ाकर भाजपा सरकार प्रदेश के वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित