मास्को , मई 31 -- रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि रूस और यूरोप के बीच सभी समस्याओं की जड़ यूक्रेन है।

क्रेमलिन प्रवक्ता डिमित्री पेस्कोव ने रविवार को पत्रकार पावेल ज़रुबिन के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "जो भी हो, सभी समस्याओं की जड़ यूक्रेन और यूक्रेनी प्रशासन की हरकतें हैं। इसके अलावा सब कुछ उसका परिणाम है।"उन्होंने यूरोपीय संघ (ईयू) पर यूक्रेन-रूस संघर्ष को जारी रखने के लिए 'हर संभव रेखा लांघने' का आरोप लगाया। उन्होंने यह बयान यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सला वॉन डेर लेयन के उस बयान के जवाब में दिया, जिसमें उन्होंने रोमानिया में ड्रोन घुसपैठ के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा था कि रूसी प्रशासन ने सभी लाल रेखाएं पार कर दी हैं।

रोमानियाई रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि गलाती में एक ड्रोन ने एक घर की छत पर हमला किया, जिससे दो लोग घायल हो गये। सेना ने रडार पर ड्रोन को ट्रैक किया, लेकिन उसे रोका नहीं।

रोमानिया ने रूस पर ड्रोन हमले के पीछे होने का आरोप लगाया, लेकिन कोई सबूत पेश नहीं किया। राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने कहा कि कॉन्स्टांटा में रूसी महावाणिज्य दूत को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' घोषित कर दिया जाएगा और महावाणिज्य दूतावास को बंद कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित