ब्रुसेल्स , मई 11 -- यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आलोचना की। उन्होंने यूक्रेन युद्ध के संबंध में पुतिन के युद्धविराम के आह्वान को 'अत्यंत कुटिल' करार दिया।

यूरोपीय नेता रूस के इरादों पर अपना रुख कड़ा करने के लिए ब्रुसेल्स में जमा हुए थे। इस दौरान उन्होंने उन सुझावों को खारिज कर दिया, जिनमें जर्मनी के पूर्व चांसलर गेरहार्ड श्रोडर को मास्को और यूरोप के बीच मध्यस्थ के रूप में नियुक्त करने की बात कही गयी थी।

ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ के देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले सुश्री कल्लास ने कहा कि श्री पुतिन का युद्धविराम का आह्वान शत्रुता समाप्त करने के बजाय रूस की सैन्य परेड की रक्षा करने के उद्देश्य से प्रेरित लग रहा है।

सुश्री कल्लास ने कहा, "अपनी परेड की रक्षा के लिए युद्धविराम का आह्वान करना अत्यंत कुटिलता है, जबकि वास्तविकता यह है कि वे अब भी यूक्रेन में नागरिकों पर हमले कर रहे हैं।"ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ के देशों के विदेश मंत्रियों के शिखर सम्मेलन के एजेंडे पर सुश्री कल्लास ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आज का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है, क्योंकि विदेश मंत्री ब्रुसेल्स में प्रमुख वैश्विक प्राथमिकताओं पर चर्चा करने के लिए जमा हुए हैं। इसमें पश्चिमी बाल्कन में लचीलापन मजबूत करना, रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेनी बच्चों के निर्वासन को लेकर नये प्रतिबंध लगाना, पश्चिम एशिया में शिपिंग की स्वतंत्रता और विस्थापित निवासियों के मुद्दे को संबोधित करना, यूरोपीय संघ-कनाडा संबंधों को आगे बढ़ाना और सीरिया के साथ पहली बार उच्च स्तरीय राजनीतिक वार्ता शुरू करना शामिल है।"उन्होंने रूसी सरकारी स्वामित्व वाली ऊर्जा कंपनियों के साथ श्री श्रोडर के पुराने संबंधों का हवाला देते हुए भविष्य की शांति वार्ताओं में उनकी किसी भी राजनयिक भूमिका की संभावना को खारिज कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित