डबलिन , मई 12 -- पूर्व भारतीय कप्तान और टी20 विश्व कप विजेता कोच राहुल द्रविड़ को यूरोपियन टी20 लीग (ईटीपीएल) की टीम डबलिन गार्डियंस का मालिक घोषित किया गया है। यह ईटीपीएल की छह टीमों में से एक है, जो अगस्त 2026 में शुरू होने वाली छह टीमों की लीग में हिस्सा लेगी।

क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन के साथ साझेदारी में शुरू की गई इस लीग में डबलिन, बेलफ़ास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रोटर्डम और एम्स्टर्डम की टीमें शामिल हैं। यह यूरोप की पहली आईसीसी-मान्यता प्राप्त बहु-देशीय फ्रेंचाइजी टी20 लीग भी है।

द्रविड़ ने एक बयान में कहा, "ईटीपीएल की जो बात मुझे सबसे ज़्यादा आकर्षित कर गई, वह इसका बड़ा विज़न था। इस लीग से आयरलैंड और पूरे यूरोप में ग्रासरूट डेवलपमेंट को मज़बूत करके, उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए रास्ता बनाकर क्रिकेट को आगे बढ़ाने का मौक़ा है। डबलिन में पहले से ही क्रिकेट को लेकर जुनूनी समुदाय है और यहां विकास की काफ़ी संभावनाएं हैं। अगली पीढ़ी को तैयार करना हमेशा मेरे लिए अहम रहा है और मुझे लगता है कि ईटीपीएल इस सफ़र में अहम भूमिका निभा सकती है।"बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन की सह-मालिकाना वाली इस लीग में कई पूर्व और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की टीमें शामिल हैं, जिसमें ग्लेन मैक्सवेल (आयरिश वुल्व्स के सहमालिक), स्टीव वॉ (एम्स्टर्डम फ़्लेम्स के सहमालिक), नेथन मैकुलम -काइल मिल्स (एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स के मालिक), क्रिस गेल (ग्लासगो कॉस्मिक के सहमालिक) और जोंटी रोड्स-फ़ाफ़ डु प्लेसी-हेनरिक क्लासेन (रोटर्डम डॉकर्स के मालिक) प्रमुख नाम हैं। डु प्लेसी और मैक्सवेल तो इस लीग में खेलते भी नज़र आएंगे। उनके साथ स्टीवन स्मिथ, मिचेल मार्श, टिम डेविड, मिचेल सैंटनर और लियाम लिविंगस्टन जैसे खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित