गोपालगंज , सितंबर 12 -- बिहार के कृषि मंत्री-सह-जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और यूरिया निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने वाले खुदरा विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
श्री सिन्हा ने आज गोपालगंज समाहरणालय के सभा कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कृषि से जुड़ी योजनाओं तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की और खाद की कालाबाजारी एवं निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि कोई भी खुदरा उर्वरक विक्रेता किसानों से यूरिया के लिए 266 रुपये से अधिक नहीं ले सकता है। उन्होंने अधिकारियों को जिले में उर्वरक बिक्री केंद्रों की लगातार निगरानी करने तथा निर्धारित दर पर यूरिया की बिक्री सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में किसानों को अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
श्री सिन्हा ने कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता से लेकर वितरण तक किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उर्वरक दुकानों पर स्टॉक, बिक्री और निर्धारित दर की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी अनियमितता मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित समाधान करने के भी निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई कि यदि कोई रिटेलर यूरिया के लिए 266 रुपये से अधिक की मांग करता है अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लेकर खाद देता है, तो किसान इसकी शिकायत जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय में कर सकते हैं। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित मामले की जांच कर दोषी विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित