बुलन्दशहर , जून 2 -- बुलंदशहर जिला प्रशासन ने सरकारी यूरिया खाद की कथित तस्करी और कालाबाजारी के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत निरुद्ध किया है। जिला सूचना अधिकारी चांद मियां ने मंगलवार को बताया कि उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण अभियान 2026-27 के तहत की गई कार्रवाई में 1,575 बोरी सरकारी यूरिया खाद की अवैध तस्करी का मामला प्रकाश में आया था। इस संबंध में गत 11 मई को उर्वरक निरीक्षक आर.के. यादव की तहरीर पर थाना अनूपशहर में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि किसानों के लिए आवंटित सरकारी यूरिया खाद को तीन ट्रकों के माध्यम से कथित रूप से अन्य जनपदों में अधिक मूल्य पर भेजने का प्रयास किया जा रहा था। मामले में सहकारी उर्वरक की कालाबाजारी तथा अवैध मुनाफाखोरी की आशंका के आधार पर कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित