लखनऊ , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर को गति देते हुए 3,212.63 करोड़ की लागत वाली 11 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। यह परियोजनाएं प्रदेश के 9 जनपदों में विकसित होंगी, जिनके तहत लगभग 2,914 आवासीय, वाणिज्यिक और मिश्रित इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
चेयरमैन संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में एक दिन पूर्व बुधवार को सम्पन्न हुई यूपी रेरा की 199वीं प्राधिकरण बैठक में निवेश के लिहाज से गाजियाबाद सबसे आगे रहा, जहां 1,108.69 करोड़ की लागत से 568 आवासीय इकाइयों की परियोजना को स्वीकृति मिली वहीं, इकाइयों की संख्या के मामले में गौतमबुद्ध नगर शीर्ष पर रहा, जहां 843.14 करोड़ की लागत से 1,077 आईटी कार्यालय विकसित किए जाएंगे। लखनऊ में 947.04 करोड़ की दो परियोजनाओं को मंजूरी मिली, जिनमें कुल 815 इकाइयां विकसित होंगी।
इसके अलावा झांसी, आगरा, मथुरा, मेरठ, बरेली और फिरोजाबाद में भी विभिन्न आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे छोटे और मध्यम शहरों में भी नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित