लखनऊ , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान ने जन आंदोलन का रूप ले लिया है। 'स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत' की थीम पर 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चले राष्ट्रव्यापी अभियान में प्रदेश में 21 हजार से अधिक जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 27 लाख नागरिकों ने हिस्सा लिया।
अभियान का शुभारंभ प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में मेयर, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और करीब 12 लाख नागरिकों की सहभागिता से श्रमदान के साथ हुआ। स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समितियों, स्वच्छ सारथी क्लबों और स्वयं सहायता समूहों समेत करीब 47 लाख नागरिकों ने अभियान में सहभागिता और सहयोग किया।
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर 157 घंटे का महासफाई अभियान चलाया गया। प्रदेश में 17 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान भी जारी रहेगा। इसके तहत करीब 1.22 लाख स्वच्छता लक्षित इकाइयां (सीटीयू) चिह्नित की गई हैं, जिनमें करीब 1.10 लाख का विलोपन नागरिकों की सहभागिता से किया जा चुका है। करीब 25 हजार सार्वजनिक स्थलों, 6,788 बाजारों, 13,919 मोहल्लों, 9,440 शौचालयों और 6,769 कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
'स्वच्छ पाठशाला' कार्यक्रम के तहत करीब 13 हजार कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 3,640 स्वच्छ सारथी क्लबों से जुड़े करीब 2.16 लाख बच्चों को स्वच्छता अभियान से जोड़ा गया। बच्चों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 8,358 प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
'स्वच्छता मित्र सुरक्षा शिविर' के तहत 4,202 शिविर आयोजित हुए, जिनमें करीब 99 हजार सफाई मित्रों ने हिस्सा लिया। करीब 40 हजार सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया, जबकि लगभग 88 हजार का स्वास्थ्य परीक्षण, 63 हजार को पीपीई किट का वितरण और करीब 1.77 लाख सफाई मित्रों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
जनभागीदारी के तहत करीब 25 लाख घरों को स्वच्छता अभियान से जोड़ा गया और लोगों को स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण तथा स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित