लखनऊ , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश में औद्योगिकीकरण की रफ्तार लगातार तेज बनी हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 4,746 नई फैक्ट्रियों का पंजीकरण हुआ है, जिससे राज्य की औद्योगिक प्रगति को नया आयाम मिला है।
अधिकारियों की मानें तो औद्योगिक विकास के मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश अन्य क्षेत्रों से आगे बना हुआ है। वर्ष 2017 के बाद स्थापित कुल 17,841 फैक्ट्रियों में से 10,895 इकाइयां पश्चिमी यूपी में स्थापित हुई हैं। इसके अलावा 3,526 फैक्ट्रियां मध्य यूपी, 3,205 पूर्वांचल और 215 बुंदेलखंड क्षेत्र में लगी हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में औद्योगिक विकास विभाग को 28,864.98 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। इसमें से अब तक 19,218 करोड़ की स्वीकृति जारी की जा चुकी है, जबकि शेष 6,000 करोड़ की स्वीकृति भी जल्द जारी किए जाने की तैयारी है। इससे कुल बजट व्यय 87.37 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित