वाराणसी , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई हैं। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं। पहली पाली सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक चलेगी।

परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। जिले में कुल 118 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जोनल तथा स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले में लगभग 92,000 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संचालित की जा रही हैं।

नकल रोकथाम के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों पर निरंतर नजर रखी जा रही है। गेट पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण शिक्षा विभाग, मजिस्ट्रेट तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्टेशनरी और फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस अड्डों तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित