अपराध परीक्षा गिरफ्तारप्रयागराज , जून 11 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने और नकल कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुये मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य सरगना राजू कुमार मांझी और उसके सक्रिय सहयोगी छोटे लाल यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजू कुमार मांझी बिहार के सिवान जिले का मूल निवासी है और वर्तमान में प्रयागराज के टैगोर टाउन क्षेत्र में रह रहा था, जबकि छोटे लाल यादव जौनपुर जिले के मुगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र का निवासी है।

एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को बुधवार देर शाम जौनपुर के मुगरा बादशाहपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी राजू कुमार मांझी ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को परीक्षा में सफल कराने का झांसा देकर उनसे भारी धनराशि वसूलता था।

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य भोले-भाले अभ्यर्थियों को निशाना बनाते थे। आरोपी अभ्यर्थियों को अपने प्रभाव और संपर्कों का हवाला देकर परीक्षा में पास कराने का भरोसा दिलाते थे। इसके बाद उनसे प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर मोटी रकम की उगाही की जाती थी, जिसे गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार, मुख्य आरोपी राजू कुमार मांझी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2022 में उसे नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और ठगी करने के आरोप में प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

एसटीएफ ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की है। बरामदगी में 21 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों की छायाप्रतियां, 13 व्हाट्सएप चैट की प्रतियां, चार अंकपत्रों की छायाप्रतियां, तीन आधार कार्डों की प्रतियां, तीन चेक की छायाप्रतियां तथा दो मोबाइल फोन शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ जौनपुर जिले के मुगरा बादशाहपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की आगे की जांच और विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। एसटीएफ अधिकारियों ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे किसी भी भर्ती परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों या गिरोहों के झांसे में न आएं तथा ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

गौरतलब है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा और ठगी के मामलों को रोकने के लिए एसटीएफ लगातार निगरानी कर रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित