आगरा , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र की मिनी नीलामी में शुक्रवार को खिलाड़ियों पर जमकर धनवर्षा हुई। नीलामी के शुरुआती दौर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर करन शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें कानपुर सुपर स्टार्स ने 23 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
यूपीसीए सूत्रों के अनुसार आगरा के ताज कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मिनी ऑक्शन में पांच लाख रुपये के बेस प्राइस वाले मेरठ के स्पिनर करन शर्मा पर सबसे ऊंची बोली लगी। वहीं बुलंदशहर के तेज गेंदबाज शुभम गौतम को नोएडा किंग्स ने 21.50 लाख रुपये में खरीदा। शुभम गौतम का चयन यूपीसीए के स्पीड हंट कार्यक्रम के माध्यम से हुआ था।
नीलामी के शुरुआती चरण में मेरठ के बल्लेबाज शिवम चौधरी को गोरखपुर लायंस ने 21 लाख रुपये में खरीदा। इसके अलावा मोहम्मद शारिम को काशी रुद्रास तथा शिवा सिंह को नोएडा किंग्स ने 17.50-17.50 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की मौजूदगी में आयोजित नीलामी का संचालन प्रसिद्ध ऑक्शनर अंगद बेदी ने किया। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराने का माध्यम है।
अन्य प्रमुख खरीद में लखनऊ फाल्कंस ने समीर चौधरी को 11.75 लाख रुपये, नोएडा किंग्स ने शोएब सिद्दीकी को 11.25 लाख रुपये तथा कानपुर सुपर स्टार्स ने यशोवर्धन सिंह को 6.60 लाख रुपये में खरीदा। काशी रुद्रास ने विजय यादव को 5.20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जबकि नोएडा किंग्स ने अंचित यादव को उनके पांच लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा। मेरठ मावेरिक्स ने करण चौधरी और कुणाल यादव को पांच-पांच लाख रुपये में अनुबंधित किया। काशी रुद्रास ने वैभव चौधरी को भी पांच लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा।
इसके अलावा कानपुर सुपर स्टार्स ने मोहम्मद अमान और शिवम बंसल, नोएडा किंग्स ने शौर्य सिंह और रजत संसेरवाल तथा लखनऊ फाल्कंस ने कार्तिकेय सिंह को 3.50 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा। ढाई लाख रुपये के बेस प्राइस वर्ग में कानपुर सुपर स्टार्स ने अजय कुमार तथा लखनऊ फाल्कंस ने कृष्ण कुमार सरोज को 2.50 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित