वाराणसी , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को शुक्रवार देर शाम शिवपुर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या से पूर्व मंजीत चौहान ने सोशल मीडिया पर खुद को 'माफिया' घोषित किया था। वह और उसके कुछ साथी अपने नाम के आगे '1818' लिखते हैं। पुलिस टीम फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि मंजीत चौहान और मृतक छात्र सूर्य प्रताप सिंह के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुके थे। पुरानी रंजिश के कारण मंजीत ने सूर्य प्रताप सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी।
सूर्य प्रताप सिंह की हॉस्टल के साथियों के साथ अच्छी मित्रता थी तथा उसका अधिकांश समय हॉस्टल और कॉलेज परिसर में ही बीतता था। सूत्रों के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह और उसके साथियों ने पहले मंजीत चौहान की पिटाई की थी, जिससे वह काफी आहत और अपमानित महसूस कर रहा था। इसी कारण उसने कॉलेज परिसर में ही वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित