ग्रेटर नोएडा , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक एवं उद्यमिता क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को गौतमबुद्धनगर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों एवं विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक संबंधी जानकारी साझा करते हुए अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे द्वारा बताया गया कि,यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में किया जाएगा। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों, निवेशकों, उद्यमियों, प्रदर्शकों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया है।
बैठक के दौरान सांस्कृतिक समिति, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति, आवास व्यवस्था समिति, यातायात समिति तथा परिवहन समिति से संबंधित तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली गई उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें और आयोजन से पहले व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित करें।
ट्रेड शो के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों के आवागमन की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, विकास प्राधिकरणों और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से वाहनों के सुचारु आवागमन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की यातायात समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए संभावित दबाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर पहले से आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
आवास व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बाहर से आने वाले अतिथियों, प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था समय से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार होटल एवं अन्य संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्याप्त आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ट्रेड शो के दौरान प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई। सांस्कृतिक समिति को कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनसे जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति को आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही प्रचार सामग्री, संकेतक, सूचना पट्ट और आयोजन स्थल पर ब्रांडिंग की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने विद्युत विभाग और एनपीसीएल के अधिकारियों को ट्रेड शो की पूरी अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने पर भी जोर दिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आयोजन स्थल पर अग्नि सुरक्षा की सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण करने, पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने तथा आपातकालीन निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, चिकित्सकीय दल और आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों और आगंतुकों को संचार संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों को आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या या अतिरिक्त आवश्यकता सामने आने पर तत्काल संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर उसका समाधान कराया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित