गौतमबुद्धनगर , सितंबर 14 -- यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग श्री आलोक कुमार द्वारा बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव ने सभी कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक एवं उद्यमिता क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। आयोजन में बड़ी संख्या में उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों, प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यातायात एवं वीआईपी मूवमेंट की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने,प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन, दिशा-सूचक संकेतक और यातायात दबाव वाले स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी कार्ययोजना के तहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्याप्त पार्किंग के साथ आयोजन स्थल तक आगंतुकों की सुगम आवाजाही के लिए शटल सेवा समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा।

आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, पुलिस बल की तैनाती और अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और आयोजन स्थल पर साइनेज, होर्डिंग, फ्लेक्स एवं एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से प्रभावी ब्रांडिंग और दिशा-निर्देशन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि ट्रेड शो के माध्यम से नए व्यापारिक साझेदारियों, निवेश, निर्यात और नए बाजारों की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। प्रदर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ खरीदारों और निवेशकों के साथ संवाद एवं संपर्क के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल एवं सोशल मीडिया के साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि इसकी जानकारी अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों, खरीदारों और आमजन तक पहुंच सके।

बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अपर मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि निर्देशों के अनुरूप जनपद में ट्रेड शो से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएंगी। अपर मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, नियमित समीक्षा करने और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन, सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग प्रांजल यादव, मंडलायुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी, अपर आयुक्त उद्योग रोहित आनंद, सीईओ ग्रेटर नोएडा रवि कुमार एनजी, सीईओ यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, चेयरमैन इंडिया एक्सपो मार्ट राकेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित