प्रयागराज , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक) मुख्य परीक्षा (टीजीटी मेंस)-2025 शनिवार को आयोजित होगी। परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन और शुचिता पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि प्रयागराज में परीक्षा कुल 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सामाजिक विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा आयोजित होगी, जबकि दूसरी पाली में अपराह्न 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक संगीत विषय की मुख्य परीक्षा कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 9,376 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जबकि संगीत विषय की परीक्षा एक परीक्षा केंद्र पर होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए परीक्षा के सफल आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित