धमतरी , मार्च 06 -- संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के युवा अधिकारी डायमंड सिंह ध्रुव ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने परीक्षा में 623वीं रैंक प्राप्त की है। अनुसूचित जनजाति वर्ग से होने के कारण उन्हें अखिल भारतीय सेवाओं में आईएएस या आईपीएस मिलने की संभावना है। परिणाम घोषित होते ही उनके गांव और घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
डायमंड सिंह ध्रुव वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं और उनका चयन पहले ही प्रयास में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के माध्यम से डीएसपी पद पर हुआ था।
पुलिस सेवा में रहते हुए भी उन्होंने लगातार यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और अब इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।
मीडिया से बातचीत में डायमंड ने अपनी सफलता का श्रेय धैर्य, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास को दिया। उनका कहना है कि यदि व्यक्ति धैर्य बनाए रखे और लगातार प्रयास करता रहे तो लक्ष्य हासिल करना संभव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित