पटना , जुलाई 21 -- बिहार समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय की ओर से राज्य के दिव्यांग युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी ), नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 में उत्तीर्ण होने वाले बिहार के पात्र पुरुष दिव्यांग अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की उत्कृष्ट तैयारी के लिए एक लाख रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थी 'दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना' के तहत 31 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा, "बिहार सरकार दिव्यांग युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि पैसों की कमी के कारण किसी भी प्रतिभावान युवा की यूपीएससी की तैयारी न रुके। इसी उद्देश्य से मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए एक लाख रुपये की मदद दी जा रही है। उन्होंने अपील की है कि सभी सफल उम्मीदवार 31 जुलाई तक आवेदन कर इस योजना का लाभ जरूर उठाएं और अपनी सफलता से बिहार का नाम रौशन करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित