रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित छत्तीसगढ़ सदन में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के 13 अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के मेहनतकश परिवारों के संघर्ष और सपनों का सम्मान है।

श्री साय ने कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी कभी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बन सकती। राजमिस्त्री, किसान और शिक्षक परिवारों से आने वाले इन विद्यार्थियों ने अनुशासन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की प्रतिष्ठित परीक्षा के प्रथम चरण में सफलता हासिल कर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और अन्य सुविधाओं को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा सफलता की पहली सीढ़ी है और मुख्य परीक्षा तथा साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन के लिए अनुशासन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से भविष्य में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष रूप से दूरस्थ, जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 सीटों से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है, जिससे अधिक विद्यार्थियों को राजधानी में रहकर यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सबसे मजबूत आधार शिक्षित, जागरूक और सक्षम युवा हैं तथा राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी देश की सर्वोच्च सेवाओं में अपना स्थान बनाए। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे। दोनों ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में राजधानी में स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी करने वाले 13 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे तथा प्रकाश पटेल शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित