नयी दिल्ली , सितंबर 08 -- संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी वर्ष पर सरकार 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेगी।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा मंगलवार को जारी अधिसूचना में बताया गया है कि यह सिक्का 99.9 प्रतिशत शुद्ध चांदी का होगा। इसका आकार वृत्ताकार और बाहरी व्यास 44 मिलीमीटर का होगा। सिक्के का वजन 40 ग्राम होगा।
स्मारक सिक्के के सामने के भाग पर अशोक स्तंभ का सिंह स्तंभ होगा जिसके नीचे "सत्यमेव जयते" उत्कीर्ण होगा। उसकी बाईं परिधि पर देवनागरी लिपि में "भारत" और दाईं परिधि पर अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में "इंडिया" लिखा होगा। सिंह स्तंभ शीर्ष के नीचे रुपये का प्रतीक "Rs." और अंतरराष्ट्रीय अंकों में "100" भी होगा।
सिक्के के पिछले भाग पर बीचों-बीच संघ लोक सेवा आयोग के भवन का चित्र होगा। ऊपरी परिधि पर देवनागरी लिपि में "संघ लोक सेवा आयोग" उत्कीर्ण होगा। निचली परिधि पर अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में "यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन" उत्कीर्ण होगा। चित्र के नीचे अंतरराष्ट्रीय अंकों में वर्ष "1926-2026" और देवनागरी लिपि में "शताब्दी वर्ष" उत्कीर्ण होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित