लखनऊ , अक्टूबर 11 -- भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या इस दीपावली 26 लाख दीयों से जगमगाने को तैयार है। दीपोत्सव- 2025 के इस भव्य अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए लखनऊ से अयोध्या तक एक दिवसीय विशेष यात्रा पैकेज की घोषणा की है।

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा संचालित कम दर पर यह टूर पैकेज श्रद्धालुओं को दीपोत्सव के अद्भुत नजारों का साक्षी बनने का अवसर देगा।

प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम आमजन को दीपोत्सव-2025 के इस ऐतिहासिक उत्सव का सहभागी बनने का अवसर प्रदान कर रहा है। लखनऊ से अयोध्या तक का यह विशेष टूर पैकेज श्रद्धालुओं को आनंददायक आध्यात्मिक अनुभव देगा। यात्रियों के साथ अनुभवी स्थानीय गाइड रहेंगे, जो यात्रा के दौरान अयोध्या की पौराणिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रोचक प्रसंग साझा करेंगे। पैकेज में यात्रा के दौरान दिन और रात्रि भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई है।

दीपोत्सव-2025 यात्रा की शुरुआत 19 अक्टूबर को होगी। सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित होटल गोमती से टेम्पो ट्रैवलर यात्रियों को लेकर अयोध्या के लिए रवाना होगा।यात्रा के दौरान मार्ग में दोपहर 02:30 बजे भोजन की व्यवस्था होगी। तत्पश्चात, यात्रा दल शाम 3 बजे अयोध्या पहुंचेगा और राम की पैड़ी पर दीपोत्सव समारोह के अद्भुत आयोजन का साक्षी बनेगा। इस यात्रा का शुल्क 1,500 रुपए प्रति व्यक्ति होगा, जिसमें ट्रांसपोर्ट, स्थानीय गाइड, दिन-रात के भोजन और पानी की बोतल की व्यवस्था होगी। इच्छुक यात्री पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग www.upstdc.co.in पर कर सकते हैं।

यात्रियों का दल शाम 07:30 बजे पावन सरयू तट पर 26 लाख से अधिक दीयों को प्रज्वलित होते देखेंगे। देश-दुनिया के करोड़ों आस्थावान भी इस पल के साक्षी बनेंगे। आकाश में रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी, आकर्षक लेजर शो और अद्भुत एरियल ड्रोन प्रस्तुति इस दिव्य क्षण को अविस्मरणीय बनाएगी। मनमोहक दृश्य देखने के उपरांत रात्रि 09:30 बजे रात्रि भोजन के उपरांत यात्रा दल रात 11 बजे लखनऊ के लिए पुनः प्रस्थान करेगा।

यूपीएसटीडीसी द्वारा यह पहल हाल ही में नैमिषारण्य और अयोध्या के लिए शुरू किए गए वीकेंड गाइडेड टूर की सफलता के बाद की गई है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शुरू सप्ताहांत गाइडेड टूर में औसतन 22 से 25 यात्री अयोध्या और नैमिषारण्य जैसे पवित्र स्थलों की यात्रा कर रहे हैं। हाल ही में संपन्न दुर्गा पूजा के दौरान बंगाली समुदाय के लोगों ने अयोध्या यात्रा के लिए कई स्लॉट्स बुक कराए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित