जौनपुर , सितम्बर 19 -- यूपीआई से आनलाइन खरीददारी लेन देन पर केन्द्र सरकार द्वारा लगाये जा रहे टैक्स के खिलाफ आक्रोशित कांग्रेसियों ने पार्टी के जिलाध्यक्ष अध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह के अगुवाई में लाइन बाजार स्थित डाक बंगला में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीशचंद्र यादव का घेराव कर सरकार के जबरन टैक्स वसूली नीति के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो हजार मूल्य से अधिक का घरेलू सामान खरीद कर उसके रसीद बिल को मंत्री गिरीश चंद्र यादव के सामने रखा। यूपीआई पर एमडीआर के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डा प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जनता का जेब काटने की स्कीम चालू की है, एमडीआर टैक्स से छोटे कारोबारियों का व्यवसाय चौपट हो जायेगा तो वहीं बड़े व्यवसायियों को अधिक टैक्स भुगतान करने की समस्या खड़ी होगी।
डा सिंह ने कहा कि यह व्यापारियों से जबरन लिया जाने वाला टैक्स है, इस टैक्स के कारण महंगाई में बेतहाशा बढ़ोत्तरी होगी इससे गरीब ,मजदूर, मध्यम वर्ग सहित देश के किसान और छात्र सीधे तौर पर सरकार के शोषण का शिकार होंगे, डा. प्रमोद सिंह ने यूपीआई एमडीआर को भाजपा सरकार द्वारा जनता पर लगाया गया जजिया कर बताया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने राज्य मंत्री से सरकार से यूपीआई पर एमडीआर टैक्स वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को लूटना बंद करें, भाजपा सरकार की सभी नीतियां जनविरोधी होती जा रही है, आरिफ खान ने कहा कि सरकार को जनता के सहूलियतों वाला कानून बनाना चाहिए किन्तु आज देश भाजपा सरकार की लूटनीति का शिकार हो गयी है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू, जिला उपाध्यक्ष विनय तिवारी, जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल, जिला सचिव इरशाद खान, अरुण शुक्ला, सभासद शहनवाज मंजूर, राजकुमार गुप्ता, जब्बार अली सलमानी, हमजा मलिक, तौफीक अहमद राजू, रामसिंह बांकुरे, मंजू बेनवंशी, आशीष यादव, विजेन्द्र गौतम, रेखा बेनवंशी,साबिर बेगम, मुहम्मद ताहिर, इकबाल हुसैन, इस्तेखारुर प्रधान, मोहम्मद अजीम, संदीपा बनवावी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित