देहरादून , सितंबर 16 -- उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने बुधवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला करतें हुए कहा कि देश में महंगाई ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है और अब यूपीआई पर शुल्क लगाकर सरकार आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही है।

उन्होंने आंकड़े बताते हुये कहा कि पुख्ता सरकारी आंकड़े खुद गवाही दे रहे हैं कि थोक महंगाई 10 प्रतिशत के करीब पहुंच गई है।

श्री धस्माना ने कहा कि वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार अगस्त 2026 में थोक महंगाई दर 9.92 प्रतिशत रही, जो इस नई सीरीज का दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। जबकि ईंधन और बिजली महंगाई 22.93 प्रतिशत, मिनरल ऑयल/पेट्रोलियम उत्पाद 38.48, मैन्युफैक्चरिंग उत्पाद 8.37 और सीरीज का उच्चतम स्तर 3489 प्रतिशत रहा।

कांग्रेस नेता ने इसी तरह खुदरा महंगाई के आठ महीने के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि हर जरूरी सामान की कीमतें आसमान पर हैं। दूध, चीनी, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, दाल, तेल सहित आम उपभोग की हर वस्तु ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। ग्रामीण महंगाई 5.23 फीसदी तक पहुँच गई है। उन्होंने कहा कि जनता पहले से त्राहिमाम कर रही है, ऊपर से एनपीसीआई ने 15 अक्टूबर 2026 से 2000 रुपये से अधिक के व्यापारी भुगतान (पी2एम) पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर लगाने का ऐलान कर दिया है, जो अधिकतम 300 रुपये तक होगा। उन्होंने कहा कि सरकार कह रही है यह ग्राहक पर नहीं, व्यापारी पर लगेगा, लेकिन छोटा व्यापारी अंततः यह बोझ ग्राहक पर ही डालेगा। 95 फीसदी लेन-देन फ्री का दावा झूठा दिलासा है।

श्री धस्माना ने आरोप लगाया कि कि नोटबंदी, गलत जीएसटी और अब यूपीआई पर चार्ज, ये सभी आम जनता की गाढ़ी कमाई लूटने की योजनाएं हैं। भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह फेल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित