भोपाल , अक्टूबर 13 -- भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने यूपीआई लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क को दीपावली तक टालने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे पूरी तरह समाप्त करने की मांग की है।

श्री साहू ने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए सरकार और भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) का यह कदम राहत देने वाला है, लेकिन शुल्क को केवल स्थगित करने के बजाय हमेशा के लिए समाप्त किया जाना चाहिए। शहरों से लेकर कस्बों तक व्यापारी और ग्राहक तेजी से यूपीआई के माध्यम से लेन-देन कर रहे हैं, जिससे भुगतान प्रक्रिया सुविधाजनक हुई है।

उन्होंने कहा कि बाजार में नकदी की कमी के बीच एमडीआर शुल्क लागू होने से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और डिजिटल भुगतान को भी नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से व्यापारी हितों तथा डिजिटल इंडिया की भावना को ध्यान में रखते हुए यूपीआई पर एमडीआर शुल्क पूरी तरह समाप्त करने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित