जयपुर , अक्टूबर 02 -- केन्द्र सरकार द्वारा 15 अक्टूबर से यूपीआई संचालन पर 40 पैसे सैंकड़ा एमडीआर संधारितकरने के निर्णय का देश के व्यापारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया है और भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधानमें व्यापारियों ने महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर पर सरकार के इस फैसले के विरोध में शुक्रवार को 'नो यूपीआई डे' मनाया।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इसके विरोध में देशभर में व्यापारी 'नो यूपीआई डे' मना रहे हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि नो यूपीआई डे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इसके विरोध में आज नो यूपीआई डे से आंदोलन की शुरुआत की गयी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से आग्रह किया कि एमएसएमई एवं छोटे-छोटे व्यापारियों पर 15 अक्टूबर से यूपीआई पर लगने वाले एमडीआर को नहीं लगाया जाये, क्योंकि कि पूरे देश में यूपीआई पर लगाये गये एमडीआर पर व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि देश के व्यापारी यूपीआई को अपना चुके हैं और अब एमडीआर लगाकर उन्हें मजबूर किया गया तो 10 अक्टूबर को देश के सभी जिलों में व्यापारी संघों द्वारा धरना प्रदर्शन एवं रैलियां निकाली जायेगी। उन्होंने बताया कि अगर इसके बाद भी सरकार व्यापारियों की बात नहीं सुनती है, तो 15 अक्टूबर को एक बार फिर 'नो यूपीआई डे' मनाया जायेगा और इसके बाद देश के व्यपारियों की नयी दिल्ली में एक बैठक करके आगामी रणनीति पर विचार किया जायेगा। इस अवसर पर पूर्व महापौर एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता ज्योति खंडेलवाल भी मौजूद थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित