नोएडा , सितंबर 20 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में प्रशासनिक, प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (यूपीआईटीएस) की तैयारियों की समीक्षा की। श्री योगी ने आयोजन को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की समृद्ध परंपरा, स्थानीय हुनर, उत्पादों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने ओडीओपी, स्थानीय कलाकारों, युवाओं और उद्यमियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक ट्रेड शो युवाओं को प्रत्यक्ष अनुभव के साथ उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने का भी मंच बनेगा।
यूपीआईटीएस-2026 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस समेत छह भागीदार देशों की सक्रिय भागीदारी होगी। इन देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय व्यावसायिक सत्रों और बी2बी बैठकों में हिस्सा लेंगे। करीब 72 देशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।
श्री योगी ने विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए उचित आवास व्यवस्था, भागीदार देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर की नियुक्ति और विदेशी मेहमानों की सहायता के लिए विश्वविद्यालयों के छात्रों को वालंटियर के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से जोड़ने और उद्योग एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ अतिरिक्त बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नॉलेज सेशन को संक्षिप्त और प्रभावशाली बनाने तथा तकनीकी सत्रों में प्रदेश सरकार के संबंधित मंत्रियों और प्रमुख सचिवों को आमंत्रित करने को कहा। नॉलेज सेशन में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
ट्रेड शो में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है। इसके लिए 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं। इनमें कथक, पखावज और सितार वादन, भोजपुरी और आल्हा गायन, राई व थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं।
संभावित भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल को प्लास्टिक-मुक्त रखने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगाने तथा इंटरनेट और वाई-फाई कनेक्टिविटी मजबूत करने को कहा गया है। सभी सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने, फ्रिस्किंग और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम करने तथा पार्किंग और मार्ग प्रबंधन को सुचारू रखने की योजना बताई गई।
पार्किंग क्षेत्रों और प्रदर्शनी स्थल के बीच आगंतुकों के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलाने की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी की सहायता के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है। मेट्रो, शहर की बसों, मल्टीप्लेक्स स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल माध्यमों से प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित