अमरोहा , सितंबर 21 -- पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 में अमरोहा के हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों का डंका बजेगा। जिले की छह प्रमुख इकाइयां इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी, जिनमें जीआई टैग प्राप्त पारंपरिक वाद्य यंत्र, ओडीओपी योजना के तहत प्रसिद्ध अमरोही सेव, हैंडलूम उत्पाद, वुडन हैंडीक्राफ्ट और गुणवत्तापूर्ण कंबल शामिल हैं। लगभग 1.10 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस विशाल ट्रेड शो में अलग-अलग हॉल में लगने वाले स्टॉलों के माध्यम से अमरोहा के उद्यमियों को देश और विदेश के बड़े कारोबारियों से सीधे जुड़ने तथा नए बाजार तलाशने का मौका मिलेगा। ट्रेड शो के दौरान हॉल नंबर 11 में मैसर्स आर्टीजन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आम और शीशम की लकड़ी से निर्मित जीआई टैग प्राप्त ढोलक व अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे स्थानीय कारीगरों को विदेशी खरीदारों के बीच पहचान मिलेगी।
इसी क्रम में ओडीओपी श्रेणी के तहत हॉल नंबर 16 में मैसर्स फैमस स्वीट्स सेंटर के प्रोपराइटर सारो फैजल द्वारा अमरोहा के मशहूर सेव और नमकीन उत्पादों का स्टॉल सजाया जाएगा। टेक्सटाइल और हैंडीक्राफ्ट सेक्टर में भी जिले का प्रतिनिधित्व मजबूत रहेगा, जहां हॉल नंबर 9 में गुलफाम अहमद कॉटन बेडशीट व दरी तथा हॉल नंबर 10 में मैसर्स अनीस हैंडलूम एंड रेडीमेड गारमेंट्स अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा हॉल नंबर 14 में मैसर्स एमजीए डिजाइन के वुडन हैंडीक्राफ्ट और हॉल नंबर 15 में मैसर्स प्रकाश वुलेन के कंबलों को वैश्विक खरीदारों के सामने रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित