पेरिस , मार्च 03 -- संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) ने अमेरिका-इजरायल हवाई हमले के बाद ईरान के 'गोलेस्तान पैलेस' को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त की है।

संयुक्त राष्ट्र की सांस्कृतिक एजेंसी ने ईरान में अमेरिका-इजरायल बमबारी के बाद मध्य पूर्व में कई विरासत स्थलों के भविष्य पर चिंता जताई है। ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार, सोमवार को तेहरान में 'अर्ग स्क्वायर' पर हुए हवाई हमले के कारण गोलेस्तान पैलेस चपेट में आ गया। कथित तौर पर महल की खिड़कियों, दरवाजों और शीशों को नुकसान पहुँचा है।

यूनेस्को के अनुसार, गोलेस्तान पैलेस 'तेहरान के ऐतिहासिक केंद्र के बीचोबीच' स्थित है। यह चारदीवारी वाला महल शहर के सबसे पुराने परिसरों में से एक है।

यूनेस्को के अनुसार, 1779 में सत्ता में आने वाले कजार परिवार ने तेहरान को देश की राजधानी बनाया तथा यह पैलेस सत्ता का केंद्र बन गया। तालाबों और बगीचों से घिरे इस महल ने अपनी सजावट और प्रमुख विशिष्टताएं 19वीं शताब्दी में प्राप्त की थी। परिसर में आठ महत्वपूर्ण महलनुमा संरचनाएं हैं, जो अब मुख्य रूप से संग्रहालयों के रूप में इस्तेमाल की जाती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित