चंडीगढ़ , जुलाई 11 -- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय की यूडीआईएसई रिपोर्ट का हवाला देते हुए हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाये हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट से स्पष्ट है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों का ढांचा कमजोर हो रहा है और शिक्षा व्यवस्था कई चुनौतियों का सामना कर रही है।

यहां जारी एक बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा सुधार के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्कूलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में हजारों शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं, कई विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ शिक्षक नहीं हैं और भर्ती प्रक्रियाएं वर्षों से लंबित हैं। सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी नौकरियों में बड़ी संख्या में युवा न्यूनतम पात्रता भी हासिल नहीं कर पा रहे हैं तो सरकार को शिक्षा व्यवस्था और अपनी नीतियों की समीक्षा करनी चाहिए, युवाओं को दोष देना उचित नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित