हरिद्वार , जुलाई 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में मोबाइल रिचार्ज सफल नहीं होने पर यूट्यूब से कस्टमर केयर नम्बर लेकर सहायता लेना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर बनकर शिकायतकर्ता को अपने जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 99 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। हरिद्वार साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से हालांकि पीड़ित को 95,484 रुपये की धनराशि वापस दिला दी गई।
शनिवार को पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने गूगल पे के माध्यम से अपने मोबाइल का रिचार्ज किया था। बैंक खाते से राशि कट गई लेकिन मोबाइल रिचार्ज नहीं हुआ। इसके बाद उसने इंटरनेट पर समाधान तलाशते हुए यूट्यूब पर उपलब्ध एक कथित टोल-फ्री कस्टमर केयर नम्बर पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने के लिए कहा। लिंक पर क्लिक करते ही ठगों ने उसके बैंक खाते से 99,000 रुपये की राशि निकाल ली।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने अगले ही दिन राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल ने संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में Rs.95,484 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
हरिद्वार साइबर सेल ने आमजन से अपील की है कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नम्बर केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत मोबाइल ऐप से ही प्राप्त करें। सोशल मीडिया, यूट्यूब अथवा अन्य अनधिकृत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नम्बर पर भरोसा न करें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार हों तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटसाइबरक्राइमडॉटजीओवीडॉटइन पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इससे समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित