पटना , अप्रैल 29 -- अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के बैनर तले बुधवार को राजधानी पटना में विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन निकाला गया।
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी 2026 बिल को लागू करने, बिहार में विस्तारित 65 प्रतिशत आरक्षण, 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल तथा जजों की नियुक्ति में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इन्द्र कुमार सिंह चन्दापुरी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन गांधी मैदान गेट नंबर 1 से शुरू हुआ। पद्मश्री सिस्टर सुधा वर्गीज ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं ढोल-नगाड़ों के साथ शामिल हुईं।
रैली में प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय कुमार दिवाकर, डॉ. महबूब आलम अंसारी, श्रीमती शांति साह, संरक्षक धूरण राय और महासचिव प्रभात सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।रैली डाकबंगला चौराहा पहुंची, जहां से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के सचिव और मुख्यमंत्री कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को शीघ्र लागू करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित