गोण्डा , जनवरी 29 -- गोण्डा में कैसरगंज संसदीय क्षेत्र के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों पर उच्चतम न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक को देश के हित में बताया है।

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने समय पर हस्तक्षेप कर पूरे देश को एक बड़े संकट से बचा लिया है। उन्होने कहा कि यदि उच्चतम न्यायालय द्वारा यूजीसी के नए नियमों पर रोक नहीं लगाई जाती, तो यह मामला पूरे देश में एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकता था। उन्होंने अदालत के फैसले को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि यह निर्णय सामाजिक शांति बनाए रखने में अहम साबित हुआ है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूजीसी के नए कानून से देश का सामाजिक ताना-बाना बिगड़ने की आशंका थी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होती। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे नियम बिना व्यापक विमर्श के लागू करना समाज के लिए नुकसानदायक हो सकता था।

वर्तमान कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह के पिता बृजभूषण शरण सिंह ने दोहराया कि उच्चतम न्यायालय ने यूजीसी नियमों पर रोक लगाकर देश को संभावित अशांति और विभाजन से बचा लिया है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर देशवासियों का भरोसा कायम है और यह फैसला उसी भरोसे को मजबूत करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित