जौनपुर , मई 16 -- अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद कुँवर हरिबंश सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकार यूजीसी कानून के माध्यम से हिंदू समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।

श्री सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा "सबका साथ, सबका विकास" का दावा करती है, लेकिन यूजीसी कानून लागू कर समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। सवर्ण समाज भाजपा का मूल वोट बैंक रहा है और यदि यह वर्ग पार्टी से दूर हुआ तो भाजपा की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो सकती है।

उन्होने बताया कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के माध्यम से अधिवक्ताओं द्वारा यूजीसी कानून के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दाखिल की गई है। उनका दावा है कि सुनवाई के बाद अदालत ने यूजीसी के क्रियान्वयन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।

बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि जौनपुर के खेतासराय क्षेत्र में गुर्जर लाल के नाम पर एक विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे जौनपुर और प्रतापगढ़ के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। साथ ही यहां आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेदिक अस्पताल स्थापित करने की भी योजना है।

श्री सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की संबद्धता कैंब्रिज विश्वविद्यालय से कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को विदेश गए बिना अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि 17 मई को मां दुर्गा विद्यालय परिसर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान की जयंती समारोहपूर्वक मनाई जाएगी। कार्यक्रम में मेधावी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, विधायक अभय सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित