मुरैना , फरवरी 05 -- यूजीसी कानून के विरोध में सवर्ण समाज के आह्वान पर आज मध्यप्रदेश के मुरैना के सभी प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहे।

जानकारी के अनुसार शादी समारोहों का सीजन होने के कारण आम नागरिकों को खरीदारी करने में परेशानी पैदा न हो इसलिए जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों के साथ कल हुई बैठक में यह निर्णय किया कि बाजार सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ही बंद रखे जाएं, इसलिए आज दोपहर बाद बाजार पूरी तरह से खुल जाएंगे।

यूजीसी के विरोध में सवर्ण समाज के लोग बड़ी संख्या में बाजार में निकले और व्यापारियों से अपने अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील करते देखे गए। जो दुकानदार अपनी दुकानें खोले थे, उन्हें समाज के लोगों ने फूल भेंटकर बाजार बंद में सहयोग की अपेक्षा की। सवर्ण समाज के लोग बाजार में घूम घूम कर यूजीसी कानून के विरोध में नारे लगाते देखे गए ओर केंद्र सरकार से इस काले कानून को वापिस लेने की मांग करते हुए देखे गए।

बंद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरी तरह चौकस दिखाई दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित