मास्को , अक्टूबर 30 -- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में सभी पक्षों के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने एक मीडिया रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिका शांति वार्ता में ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस को संभावित यूरोपीय प्रतिनिधियों के रूप में शामिल करने पर विचार कर रहा है।

श्री पेस्कोव ने कहा कि रूस, अमेरिका और यूक्रेन के बीच होने वाली वार्ता में यूरोपीय देशों की भागीदारी पर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "नहीं, इस पर किसी से कोई चर्चा नहीं हुई है। फाइनेंशियल टाइम्स शायद अपने समाचार कक्ष में ही इस पर चर्चा कर रहा है।"उन्होंने कहा कि पुतिन यूक्रेन में शांति स्थापित करने के उद्देश्य से किए जाने वाले संपर्कों के लिए हमेशा तैयार रहे हैं। श्री पेस्कोव ने जोर देकर कहा, "वह (पुतिन) खुले थे, खुले हैं और इन संपर्कों के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।"श्री पेस्कोव ने यह भी जानकारी दी कि रूसी और यूक्रेनी मानवाधिकार आयुक्त याना लांत्रातोवा और दिमित्रो लुबिनेट्स खेरसॉन क्षेत्र के अलोश्की में एक मानवीय अभियान को लेकर सक्रिय रूप से अपने प्रयासों का समन्वय कर रहे हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के मानवाधिकार अधिकारियों के बीच "काफी उच्च स्तर का समन्वय" है और सुश्री लांत्रातोवा अपने यूक्रेनी समकक्षी के साथ मिलकर काम कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य अलोश्की के निवासियों तक आवश्यक मानवीय सहायता पहुंचाना है और जो लोग इस बस्ती को छोड़ना चाहते हैं, उन्हें वहां से जाने की अनुमति देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित