प्रयागराज , जुलाई 30 -- यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के निकट एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए ड्रोन हमले के बाद उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का एक युवक लापता हो गया है। घटना के छह दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय तथा विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झूंसी थाना क्षेत्र के नीबी कलां गांव निवासी रामचंद्र दुबे पिछले वर्ष 25 सितंबर को एक वाणिज्यिक जहाज पर चालक दल के सदस्य के रूप में ड्यूटी पर गए थे। परिजनों के मुताबिक 24 जुलाई की रात उन्होंने अपनी मां कल्पना दुबे से फोन पर अंतिम बार बातचीत की थी।
बताया गया कि 25 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह के पास जहाज पर ड्रोन हमला हुआ। हमले के समय जहाज पर चार भारतीय चालक दल के सदस्यों सहित कुल आठ लोग सवार थे। खतरे की स्थिति में जान बचाने के लिए चार भारतीय चालक दल के सदस्यों ने समुद्र में छलांग लगा दी। इनमें से दो भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि प्रयागराज निवासी रामचंद्र दुबे समेत दो भारतीय अब भी लापता हैं।
परिजनों ने दिल्ली में संबंधित शिपिंग कंपनी के अधिकारियों से मुलाकात कर जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन अब तक रामचंद्र दुबे के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। निराश परिजनों ने प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने तथा लापता भारतीय नागरिकों की सुरक्षित तलाश और सकुशल वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित