कीव , जून 21 -- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने बेलारूस को चेतावनी दी है कि वह उन रिले स्टेशनों को हटा दे जिनका इस्तेमाल यूक्रेन पर रूसी ड्रोन हमलों में मदद के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर बेलारूस ऐसा नहीं करता है तो यूक्रेन इस पर कार्रवाई करेगा।
'द इंडिपेंडेंट' ने श्री ज़ेलेंस्की के हवाले से कहा कि अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो हम करेंगे। उन्होंने बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको का उल्लेख किया लेकिन इस बारे में और कोई जानकारी नहीं दी।
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने बेलारूस में ऐसे चार रिले स्टेशनों की पहचान की है जो कथित रूप से रूसी सैन्य अभियानों में मदद कर रहे हैं। उन्होंने बेलारूसी अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए कहा कि यूक्रेन को रूस के युद्ध प्रयासों में मदद करने वाली संरचना की जानकारी है।
बेलारूस को युद्ध के दौरान रूस का सबसे करीबी सहयोगी माना जा रहा है और बेलारूस के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ करीबी संबंध हैं।
यह चेतावनी तब दी गई है जब यूक्रेन ने साइबेरिया में मौजूद रूस की एक तेल शोधक कारखाना को ड्रोन से निशाना बनाया। यह तेल शोधक कारखाना यूक्रेन से 2,000 किलोमीटर से भी ज़्यादा दूर है। रूस की सबसे आधुनिक सुविधाओं में से एक, ट्युमेन तेल शोधक कारखाना की सालाना उत्पादन क्षमता लगभग 80 लाख मीट्रिक टन है।
श्री ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन के लोगों को चेतावनी दी है कि रूसी सेना बड़े पैमाने पर हमले की तैयारी कर रही है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है क्योंकि कई इलाकों में हुए हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत की खबर है।
यूक्रेन ने रूस के कब्ज़े वाले क्रीमिया और रूस के क्रास्नोदार इलाके में हमले करने की पुष्टि भी की है जिनमें तेल अवसंरचना एवं परिवहन सुविधाओं को निशाना बनाया गया।
रूस की ओर से क्रीमिया में नियुक्त अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 28 लोग घायल हो गए जबकि क्रास्नोडार के अधिकारियों ने बताया कि एक फेरी पर हमले और तेल टर्मिनल में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसके वायु रक्षा प्रणाली ने पिछले 24 घंटों में यूक्रेन के 483 ड्रोन और आठ गाइडेड एरियल बम मार गिराए। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ब्लैक सी फ्लीट ने दक्षिण-पश्चिमी ब्लैक सी में यूक्रेन की चार बिना चालक वाली नौकाओं को नष्ट कर दिया।
इसने यह भी कहा कि यूक्रेनी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले तेल शोधन केंद्रों, ऊर्जा अवसंरचना, परिवहन केंद्रों और ईंधन डिपो पर हमले किए गए।
रूस के सहयोगी यूरी उशाकोव ने रविवार को एक साक्षात्कार में कहा कि पश्चिमी देशों की यह सोच गलत है कि वे रूस को हरा सकते हैं। उन्हें युद्ध के मैदान में हो रही गतिविधियों पर ज़्यादा ध्यान देना चाहिए, जहां रूसी सेना लगातार आगे बढ़ रही है।
रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी ने कहा कि पश्चिम देशों का यह मानना गलत है कि रूस के खिलाफ अपनी हानिकारक एवं गैर-रचनात्मक नीति को आगे बढ़ाने का यही सही समय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित