हरिद्वार , जुलाई, 17 -- उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा आयोजित उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग, समूह-ग) सेवा (सामान्य एवं महिला शाखा) की लिखित परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)-2023 की धारा-163 लागू कर दी है।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने शुक्रवार को बताया कि 18 जुलाई (शनिवार) को परीक्षा नगर क्षेत्र के आठ परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा उत्तराखंड लोक सेवा आयोग परीक्षा भवन (हॉल संख्या 1 से 5), पन्नालाल भल्ला म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, एसवीएम इंटर कॉलेज मायापुर, शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज, पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, ज्वालापुर इंटर कॉलेज तथा आनंदमयी सेवा सदन एमएमआई कॉलेज सहित आठ केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बिना पूर्व अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन एवं अन्य सामूहिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी, जिससे कानून-व्यवस्था या लोक शांति प्रभावित होने की आशंका हो।

नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि प्रदूषण निर्धारित मानकों से अधिक नहीं होने दिया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के हथियार, विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ लेकर आने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, पेजर तथा किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री परीक्षा केंद्र परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस बल को ही केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति रहेगी।

उन्होंने कहा है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-223 के तहत दंडनीय होगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और आमजन से प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित