बस्ती , मार्च 22 -- देश की प्रतिष्ठित समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) के नई दिल्ली स्थित कार्यालय को बिना नोटिस पुलिस द्वारा खाली कराए जाने की घटना के विरोध में बस्ती में पत्रकारों और साहित्यकारों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की जांच की मांग उठाई।

रविवार को आयोजित बैठक में प्रेस क्लब अध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के यूएनआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का कार्यालय खाली कराना बेहद निंदनीय है। उन्होंने इसे पत्रकारिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।

वरिष्ठ संवाददाता अनुराग कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने इसे पत्रकारों की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि यदि इसका विरोध नहीं किया गया तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

बैठक में वक्ताओं ने देशभर के पत्रकारों से एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने और यूएनआई के समर्थन में खड़े होने की अपील की।

इस अवसर पर राकेश गिरी, राघवेंद्र सिंह, राजेश पांडेय, राजेंद्र उपाध्याय, अजीत श्रीवास्तव (साहित्यकार), लवकुश सिंह, अशुतोष यदुवंश, जीशान हैदर रिज़वी सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित