बड़वानी , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के अंजड़ निवासी 26 वर्षीय युवा उद्योगपति हर्षल पाटीदार की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में प्रशिक्षण विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। दुर्घटना में उनके फ्लाइट इंस्ट्रक्टर की भी जान चली गई।

परिजनों के अनुसार, हर्षल पाटीदार वरिष्ठ भाजपा नेता विट्ठल पाटीदार के पौत्र तथा साकेत जिनिंग के संचालक सुनील पाटीदार के पुत्र थे। वे अपने चाचा ईश्वर पाटीदार के साथ यूएई में रहकर परिवार के कपास कारोबार में सहयोग कर रहे थे। कारोबार के साथ ही वे फुजैराह एविएशन अकादमी में पायलट प्रशिक्षण भी ले रहे थे।

परिवार के मुताबिक, तीन जुलाई को नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हर्षल अपने फ्लाइट इंस्ट्रक्टर के साथ प्रशिक्षण विमान उड़ा रहे थे। इसी दौरान विमान अकादमी से लगभग 50 किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दुर्घटना शारजाह के अधिकार क्षेत्र में हुई, जिसमें दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

परिजनों ने बताया कि दुर्घटना की जांच शारजाह पुलिस कर रही है। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात की एयर एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन सेक्टर भी दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

हर्षल ने अमेरिका से ग्लोबल फाइनेंस में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वे यूएई में पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े और अपने बचपन के सपने को पूरा करने के लिए पायलट प्रशिक्षण ले रहे थे। वे अपने सरल स्वभाव और उद्यमशील सोच के कारण क्षेत्र में लोकप्रिय थे।

हर्षल अपने माता-पिता, बहन और अन्य परिजनों को पीछे छोड़ गए हैं। उनकी बहन जिया पाटीदार सोमवार को अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट में कार्यभार ग्रहण करने वाली थीं, लेकिन दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद वह अपनी मां के साथ भारत लौट आईं।

रविवार शाम अंजड़ स्थित उनके निवास से प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, समाजजनों, व्यापारियों, ग्रामीणों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओम सोनी ने कहा कि कम उम्र में व्यापार और विमानन दोनों क्षेत्रों में पहचान बना रहे हर्षल पाटीदार का असमय निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बड़वानी जिले के लिए अपूरणीय क्षति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित