जयपुर , मई 08 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं का महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन से प्रेरणा लेकर केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया हैं।

श्री शर्मा शुक्रवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज सुधार एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी पत्नी सावित्री बाई फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा की अलख जगाई तथा सामाजिक जागरूकता को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार भी महिला शिक्षा, सशक्तीकरण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने फुलेजी की 200वीं जयंती पूरे देश में दो वर्ष तक मनाने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत गत 11 अप्रैल से हो चुकी है और यह उत्सव 11 अप्रैल 2028 तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा इस उत्सव को प्रदेश भर में धूम-धाम से मनाया जा रहा है। हमनें हिंडौली में महात्मा फुले एवं सावित्रीबाई फुले की जीवनी पर आधारित पैनोरमा और पुस्तकालय निर्माण का संकल्प लिया है। प्रदेश के हर ब्लॉक में सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी तथा समस्त जिलों में महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय स्थापना का निर्णय लिया गया है वहीं 16 सावित्री बाई फुले छात्रावास के नये भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 23 से 25 मई तक जयपुर में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिससे किसान परम्परागत से स्मार्ट खेती की ओर अग्रसर हो। सम्मेलन में किसान, शिक्षाविद्, कृषि वैज्ञानिक, नीति निर्माता मिलकर खेती को लाभकारी बनाने एवं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को लेकर गहन विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने आमजन को इस मीट से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित