हरिद्वार , अगस्त 01 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

श्री धामी आज हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उत्तराखंड सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों और विभिन्न संस्थानों के युवाओं ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री धामी ने युवाओं से संवाद करते हुए राज्य सरकार की रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, नवाचार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, स्टार्टअप, स्वरोजगार और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए स्टार्टअप नीति, स्वरोजगार योजनाओं, औद्योगिक निवेश, पर्यटन, कृषि, जैविक खेती और सेवा क्षेत्र में नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार योग्य बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तराखंड सरकार अब तक लगभग तीन लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध करा चुकी है तथा भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

श्री धामी ने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल युवाओं और समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद के बाहर संतों का वेश धारण कर किए गए प्रदर्शन से संत समाज की गरिमा को ठेस पहुंची है, जो भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के अनुरूप नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित